ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की पत्नी चेरी ब्लेयर जेल में बंद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री सुश्री शेख हसीना के कानूनी दल के सलाहकार के रूप में सर्वोच्च न्यायालय पहुँचीं।
बैरिस्टर चेरी ब्लेयर ने गुरुवार को सर्वोच्च न्यायालय में सुश्री हसीना के खिलाफ चल रहे मामले में अपील की कार्यवाही देखी। डेली स्टार की खबर के अनुसार उच्च न्यायालय ने एक व्यापारी की ओर से सुश्री हसीना के खिलाफ दायर तीन करोड़ टके की अवैध वसूली के मामले को खारिज कर दिया था। सरकार ने इस फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील की थी जिसकी कार्यवाही चेरी ब्लेयर ने देखी।
बैरिस्टर अजमालुल हुसैन ने सुनवाई के बाद कहा कि चेरी ब्लेयर मेरी सहयोगी हैं। वह बांग्लादेश मेरे व्यक्तिगत बुलावे पर आई हैं उनके इस दौरे का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
सुश्री ब्लेयर ने दो पत्रकार वार्ताओं में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि वह बांग्लादेश में मानवाधिकारों की स्थिति और न्यायालय की कार्यवाही देखना चाहती थीं। उन्होने कहा कि अधिवक्ता के तौर पर ये दोनों उनके विशेष रुचि वाले क्षेत्र हैं।
उन्होंने कहा कि यहाँ के कानून किस तरह से अंतररार्ष्ट्रीय मानवाधिकारों और समझौतों का पालन कर रहे हैं। इस बारें में राय देने के लिए उन्हें बुलाया गया था।
|