राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों में शामिल डेमोक्रेटिक सीनेटर बराक ओबामा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन को महत्वपूर्ण पेनसिल्वेनिया प्राइमरी में शानदार जीत हासिल करने के लिए आज बधाई दी। हालाँकि उन्होंने हिलेरी पर मतदाताओं को डराने के लिए आतंकी रणनीति अपनाने का भी आरोप लगाया।
इंडियाना में लोगों को संबोधित करते हुए इलियोनिस के सीनेटर ओबामा ने उत्तर पूर्वी राज्य में शानदार मुकाबले के लिए हिलेरी को बधाई दी। 47वर्षीय ओबामा ने कहा कि नवंबर में होने वाले चुनाव केवल रिपब्लिकों को हराने के लिए नहीं हैं, बल्कि इसके लिए हैं कि किस प्रकार की डेमोक्रेटिक पार्टी चुनाव जीत सकती है।
अल कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को दर्शाने वाले विज्ञापनों समेत विभिन्न आरोपों-प्रत्यारोपों के लिए हिलेरी को निशाना बनाते हुए ओबामा ने कहा हम एक ऐसी पार्टी भी हो सकते हैं जो राष्ट्रीय सुरक्षा पर बात करने और कार्रवाई करने में सख्त दिखे और जार्ज बुश या जान मकैन की तरह मतदान करे। हम डर को एक रणनीति के तौर पर तथा आतंकवाद को मतदाताओं को डराने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
हिलेरी को आड़े हाथ लेते हुए ओबामा ने आगे कहा कि आप अमेरिकियों के हितों के लिए काम करने के दावेदार तब तक नहीं हो सकते जब तक कि आपको ऐसी लाबी की वित्तीय सहायता मिली हो जो जनता की आवाज दबाती है।
देश के पहले अश्वेत अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के प्रबल दावेदार ओबामा ने कहा कि हम एक ऐसी पार्टी बन सकते हैं, जो अगला चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कहने और करने को तैयार है। हम लोगों की मनलुभावन बात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि या हम ऐसी पार्टी हो सकते हैं, जो केवल इस बात पर ध्यान नहीं देती कि कैसे चुनाव जीते जाएँ बल्कि इस बात को तव्वजों देती है कि हमें क्यों जीतना चाहिए।
ओबामा ने कहा कि हम केवल राष्ट्रपति का पद नहीं चाहते, बल्कि अमेरिकी लोगों का भरोसा हासिल करना चाहते हैं, ताकि लोग यह विश्वास कर सकें कि वॉशिंगटन में बैठे उनके नेता उन्हें सच बताएँगे। इस चुनाव में लोगों को इन्हीं बातों के बीच फैसला करना है।
|