ऑस्कर पुरस्कार विजेता हॉलीवुड अभिनेत्री निकोल किडमैन ने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र के जागरुकता अभियान की कल शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक तीन में से एक महिला को किसी न किसी रूप में हिंसा का सामना करना पड़ता है। किडमैन संयुक्त राष्ट्र महिला विकास कोष (यूनिफेम) की सदभावना राजदूत भी हैं।
सात माह की गर्भवती किडमैन ने यहाँ सम्मेलन में इस अभियान की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करें।
इस ऑस्ट्रेलियन 40 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि हम लोग जो कुछ कहना चाह रहे हैं उसे लोगों तक ले जाने की जरूरत है। किडमैन ने कहा कि हिंसा एक मौन महामारी है, जिसे जागरूकता से दूर किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मैं विश्व के लोगों से अपील करती हूँ कि हमारे अभियान में शामिल होकर महिलाओं के खिलाफ हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाएँ।
उन्होंने इस अभियान की शुरुआत के अवसर पर नोटूवायोलेंस डाट ओआरजी की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि दो लाख 10 हजार से अधिक आनलाइन इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
किडमैन ने इस अभियान के लिए और अधिक वित्त की अपील की जिससे ट्रस्ट विकासशील देशों में हिंसा तथा उत्पीड़न से और बेहतर ढंग से लड़ सके।
यूनिफेम महिला सशक्तिकरण तथा लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने में मदद करता है। यह वित्तीय तथा तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराता है।
|