नेपाल में भारत के राजदूत शिवशंकर मुखर्जी ने मंगलवार को कहा कि भारत नेपाल में माओवादियों के नेतृत्ववाली सरकार के साथ मिलकर काम करेगा।
अपने कार्यकाल की समाप्ति पर भारत जाने से पहले उन्होंने कहा कि माओवादी जायज ताकतें हैं और भारत उनके साथ मिलकर काम करने में पीछे नहीं हटेगा।
उन्होंने कहा कि यदि भारत के माओवादी नेपाल के माओवादियों से जीवनी शक्ति लेते हैं तो उन्हे नेपाली माओवादियों से सीखना चाहिए। मुखर्जी ने नेपाल में राजशाही के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर कहा कि भारत राजशाही पर नेपाल के रुख का समर्थन करेगा।
उन्होंने भारत जाने से पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत नेपाल में चालू शांति प्रक्रिया और स्थायित्व के लिए अपना समर्थन और सहयोग जारी रखेगा।
मुखर्जी ने कोइराला के साथ चर्चा में ताजा राजनीतिक हालातों पर विचार-विमर्श भी किया। कोइराला ने नेपाल की शांति प्रक्रिया में उनकी भूमिका की सराहना की।
|