अगले राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी का टिकट पाने के लिए पेंसिलवेनिया प्रांत के अहम प्राइमरी मुकाबले में पूर्व प्रथम महिला एवं न्यूयॉर्क की सीनेटर हिलेरी क्लिंटन ने जबरदस्त वापसी करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी बराक ओबामा को आसानी से हरा दिया। जीत के बाद हिलेरी ने कहा कि लहर उनके पक्ष में चल रही है।
हिलेरी की इस जीत से शेष नौ प्राइमरी मुकाबलों में काँटे की टक्कर होने की उम्मीद है क्योंकि अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसे डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनने का गौरव मिलेगा। अगला प्राइमरी मुकाबला छह मई को इंडियाना में होगा।
हिलेरी के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' की तरह था। उम्मीदवारी जीवित रखने के लिए उन पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करने का दबाव था। हिलेरी को 55 फीसदी मत मिले जबकि ओबामा को 45 फीसदी मत मिले।
इस आसान जीत से हिलेरी को अपने आलोचकों का मुँह बंद करने मदद मिलेगी। ये आलोचक हिलेरी को सलाह दे रहे थे कि वह मुकाबले से हट जाएँ।
फिलाडेल्फिया में रैली में अपने समर्थकों को धन्यवाद देते हुए 61 वर्षीय हिलेरी ने कहा कुछ लोगों ने मुझे हारा हुआ मान लिया और दौड़ से हट जाने को कहा, लेकिन अमेरिकी जनता ने साथ नहीं छोड़ा।
हिलेरी के साथ उनके पति एवं पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन तथा उनकी पुत्री चेल्सी भी मौजूद थे। हिलेरी के समर्थक नारे लगा रहे थे, हाँ, वे कर सकती हैं। हिलेरी समर्थक तख्तियाँ लहरा रहे थे जिन पर 'सही विकल्प' लिखा हुआ था।
न्यूयॉर्क सीनेटर ने कहा कि हम एक दुर्जेय विरोधी के खिलाफ थे, जो हमें मुकाबले में हराने का प्रयास कर रहे थे। हालाँकि पेंसिल्वेनिया की जनता के मन में आज कुछ और विचार था। जीत से प्रसन्न नजर आ रहीं हिलेरी ने पेंसिल्वेनिया की जनता से कहा कि आपने सुना और आज आपने चुना।
इस प्राइमरी चुनाव से अगस्त में होने वाले पार्टी के सम्मेलन में 158 प्रतिनिधि जाएँगे, जो रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मकैन के खिलाफ पार्टी के उम्मीदवार का चयन करेंगे।
इस बीच सीएनएन एग्जिट पोल में बताया गया है कि हिलेरी ने उन मतदाताओं के बीच अच्छा प्रदर्शन किया, जिन्होंने पिछले सप्ताह उनके बारे में अपने विचार बनाए। इससे संकेत मिलता है कि हिलेरी का हालिया चुनाव प्रचार अभियान ओबामा के खिलाफ काम कर गया है।
प्रथम अनुमान बताते हैं कि दोनों सीनेटरों के बीच कड़ा मुकाबला था और 50 प्रतिशत से अधिक योग्य डेमोक्रेटिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जिनमें बड़ी संख्या युवाओं की रही।
चार साल पहले यहाँ हुई पिछली प्राइमरी में करीब 18 फीसदी मतदाताओं ने मत डाले थे। एग्जिट पोल से यह भी पता चलता है कि ओबामा और हिलेरी द्वारा एक दूसरे पर लगाए गए निजी आरोप प्रत्यारोप से मतदाता नस्लीय आधार पर लामबंद हुए हैं।
इससे एक बात यह भी सामने आयी है कि 92 फीसदी अफ्रीकी अमेरिकियों ने ओबामा के लिए वोट किया, लेकिन 55 फीसदी श्वेत पुरूषों ने हिलेरी के लिए मतदान किया।
65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं के बीच भी हिलेरी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा तथा इस वर्ग के 61 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने उनके प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।
|