सोमालिया सरकार से सम्बद्ध सैनिकों ने दक्षिणी बंदरगाह को मंगलवार को आंतकवादियों से मुक्त करा लिया। हाल के दिनों में हुए संघर्ष में मरने वालों की संख्या 100 के करीब पहुँच गई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सेना ने गुडा कस्बे को फिर अपने नियंत्रण में ले लिया है, जिस पर आतंकवादियों के अल शबाब गुट ने कल कब्जा कर लिया था। रात भर चले संघर्ष में दोनों पक्षों को नुकसान उठाना पड़ा है।
सैनिक अब्दिसलन हसन बूटन ने बताया कि कस्बे पर अब पूरी तरह से हमारा कब्जा है। इस संघर्ष में पाँच लोग मारे गए हैं और आठ घायल हुए हैं।
मोगादिसू में उस स्थान से आठ और शव मिले हैं, जहाँ पर सोमालिया का सहयोग कर रहीं इथोपियाई टुकड़ियों का आतंकवादियों के साथ सप्ताह भर तक संघर्ष चला था। एक मानवाधिकार समूह के अनुसार इस संघर्ष में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है।
एल्मान मानवाधिकार समूह के अध्यक्ष सूदान अली अहमद ने बताया कि मोगादिसू के उन इलाकों में छह अन्य घायल भी मिले हैं। इन लोगों को मिलाकर शनिवार से अब तक घायल हुए लोगों की संख्या बढ़कर 125 हो गई है।
|