आमतौर पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ग्लैमर की दुनिया के सेलिब्रिटियों से दूर रहना पसंद करते हैं लेकिन इन दिनों पॉप स्टार शकीरा और ब्राउन एक दूसरे की तारीफों के पुल बाँधते नहीं थक रहे हैं।
शिक्षा के वैश्विक अभियान द्वारा आयोजित एक सम्मेलन के दौरान पॉप गायिका और यूनिसेफ की सद्भावना राजदूत शकीरा ने कहा कि ब्राउन पाक इरादों वाले व्यक्ति हैं और शिक्षा के मुद्दे पर बहुत काम भी कर रहे हैं।
2015 तक वैश्विक शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने के संयुक्त राष्ट्र के शिक्षा के वैश्विक अभियान के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष राबर्ट जोएलिक भी मौजूद थे।
शकीरा ने कहा कि वे ब्राउन द्वारा किए जा रहे कामों का अनुमोदन करती हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी का एक ही लक्ष्य है विश्व के सभी बच्चों तक शिक्षा को पहुँचाना।
ब्राउन का कहना था कि मैं हर उस व्यक्ति के साथ काम करूँगा जो विश्व के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा को पहुँचाना चाहता है और शकीरा शिक्षा के वैश्विक अभियान की लंबे समय से सहयोगी रही हैं।
|