राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के पति देवीसिंह शेखावत ने रविवार को अपना 74वाँ जन्मदिन विमान में मनाया। विमान उस समय मैक्सिको सिटी से वहाँ के एक प्रांत की उड़ान पर था। विमान में राष्ट्रपति उनके पति और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
विमान में मौजूद भारत में मैक्सिको के राजदूत रागेलियो ग्रानगुल्लामे ने इस मौके पर प्रख्यात शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता शेखावत के लिए स्पेनी भाषा में गाने गाए। उनके जन्मदिन को गैर पारंपरिक ऊर्जा मंत्री विलासराव मुत्त्मेवार ने और यादगार बना दिया। उन्होंने भी इस मौके पर शेखावत के लिए गाना गया।
शेखावत का जन्मदिन विशेष एयर इंडिया 001 विमान में मनाया गया। विमान राष्ट्रपति को लेकर गुआडालाजारा जा रहा था। राष्ट्रपति इस लातिन अमेरिकी देश की चार दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में यहाँ पहुँची हैं।
जन्मदिन के मौके पर न केवल केक काटा गया बल्कि मध्य प्रांत की रात भर की यात्रा में राष्ट्रपति के काफिले के साथ मौजूद भारत में मैक्सिको के राजदूत ने शेखावत के लिए गाने भी गाए। उन्होंने गाया 'वेक अप माई डियर देवीसिंह वेक अप लुक एट द सन राइजिंग द बर्ड सिंगिंग एंड द मून सेटिंग...(जागिए मेरे प्रिय देवीसिंह जागिए सूर्योदय चिड़ियों की चहचाहट और डूबते हुए चंद्रमा का नजारा लीजिए।
इसके बाद मुत्तेमवार ने 1959 में बनी सुजाता फिल्म के बार-बार दिन ये आए...गाना गाया। जैसे ही मुत्तेमवार ने अपना गाना खत्म किया, लोगों ने विमान के वीवीआईपी केबिन में शेखावत को बधाई दी।
बाद में राष्ट्रपति जेलिसको के गवर्नर इमिलियो गोंजालेज मार्केज की ओर से आयोजित दोपहर के भोज में शरीक हुई। यह भोज राष्ट्रपति के सम्मान में दिया गया था।
इसके बाद मरियाची संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसने सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर राष्ट्रपति ने दोनों देशों की सांस्कृतिक और जातीय विभेदता का जिक्र किया।
उन्होंने कहा यह हमारी ताकत है। हमारे यहाँ विविधता में एकता है। बहुलवाद और एकजुट समाज हमारी ताकत है। सिलकन वैली के इस प्रांत में स्थित होने और गुआडालाजारा विश्वविद्यालय के मैक्सिको का दूसरा सबसे बड़ा विश्वविद्यालय होने का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में आपने महत्वपूर्ण प्रगति की है।
प्रतिभा ने कहा आपके प्रांत में कपड़ा उद्योग खूब फल-फूल रहा है और फैशन उद्योग के रूप में इसके चर्चित होने पर आप गर्व कर सकते हैं। यह क्षेत्र खाद्य प्रसंस्करण के अलावा दवा क्षेत्र के रूप में भी चर्चित है। उन्होंने वहां की सरकार और लोगों से इस प्रकार के अवसर भारत में भी तलाशने का अनुरोध किया।
बाद में वह टाटा कंसल्टेंसी के दफ्तर भी गई और वहाँ लोगों को संबोधित किया। राष्ट्रपति तीन देशों की यात्रा के इस दूसरे पड़ाव के बाद चिली जाएँगी। वहां दोनों देशों के बीच हवाई क्षेत्र में सहयोग समेत कुछ अन्य मुद्दों पर समझौते होने की संभावना है। (भाषा)
|