पाकिस्तान ने सोमवार को तीन दिन में दूसरी बार परंपरागत आयुधों के साथ ही परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम लंबी रेंज की शाहीन द्वितीय मिसाइल का परीक्षण किया, जिसकी मारक क्षमता भारत के भीतर तक है।
सेना द्वारा यहाँ जारी बयान के अनुसार शाहीन द्वितीय या हत्फ छह मिसाइल सतह से सतह पर मार करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता दो हजार किलोमीटर है। इसका पहला परीक्षण सेना की स्ट्रेटजिक फोर्सेस कमांड द्वारा एक फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान किया गया था।
परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम इस मिसाइल के सभी पहले परीक्षण रक्षा वैज्ञानिकों तथा इंजीनियरों द्वारा किए गए थे।
पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल मोहम्मद अफजल ताहिर, वरिष्ठ सेना अधिकारियों के साथ आज के परीक्षण के दौरान मौजूद थे। सेना के बयान में यह नहीं बताया गया है कि मिसाइल का परीक्षण कहाँ किया गया।
शाहीन द्वितीय पाकिस्तान की लंबी दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल है। यह दो चरणीय ठोस ईंधन मिसाइल है, जो उच्च सटीकता के साथ परंपरागत और परमाणु दोनों किस्म के आयुध ले जाने में सक्षम है।
|