अभिनेत्री सेंड्रा बुलक और उनके पति जेसी जेम्स की कार नशे में धुत एक अन्य वाहन चालक की वजह से दुर्घटना का शिकार हो गईं, लेकिन इसमें ये दोनों सुरक्षित बच गए।
पीपुल पत्रिका के मुताबिक दुर्घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है। यह दुर्घटना शुक्रवार रात मेसाचुसेट्स के ग्लूसिस्टर में हुई, जहाँ बुलक 'दि प्रपोजल ऑन केप एन' की शूटिंग कर रही थीं।
बुलक और उनके पति स्थानीय समयानुसार रात 9.50 बजे अपने घर के लिए रवाना हुए। रास्ते में सुबारू स्टेशन वैगन आगे की ओर से उनकी कार से टकरा गई।
पीपुल पत्रिका ने ग्लूसिस्टर पुलिस के लेफ्टिनेंट गेरी कूक के हवाले से लिखा है कि वे बिलकुल ठीक हैं। सुबारू के चालक की पहचान 64 वर्षीय लुसिले गेटचेल के रूप में हुई है। उसकी जाँच की गई जिसमें उसके रक्त में तय मानक की तुलना में ढाई गुना ज्यादा अल्कोहल पाया गया।
|