कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) के अध्यक्ष प्रचंड ने कहा कि नेपाल की अगली सरकार उनके नेतृत्व में बनेगी।
कांतिपुर ऑनलाइन ने प्रचंड के हवाले से कहा कि अगले कुछ दिनों में मैं खुद को आप लोगों के सम्मुख नई सरकार के मुखिया के रूप में पेश करूँगा। इसके साथ ही मैं आपको देश में नई सरकार के गठन की योजनाओं से भी अवगत कराऊँगा।
उन्होंने कहा कि संविधान सभा की पहली बैठक में नेपाल को एक संघीय लोकतंत्र घोषित कर दिया जाएगा। अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रचंड ने कहा कि नई सरकार के गठन के साथ ही वे देश के विकास के लिए कई नई योजनाएँ लेकर आएँगे।
आतंकवादी का लेबल हटाए अमेरिका : नेपाल के ऐतिहासिक चुनावों में भारी बहुमत से सरकार बनाने की ओर अग्रसर माओवादियों ने कहा कि अमेरिका को अब पुराने विद्रोहियों पर से आतंकवादी का लेबल हटाना चाहिए।
एक वरिष्ठ माओवादी नेता ने कहा कि अब अमेरिका को हमारा नाम उस सूची से हटाना चाहिए, जिसमें कुछ संगठनों को आतंकवादी बताया जाता है। हमने हमारे अधिकारों को हासिल करने के लिए दशकों तक संघर्ष किया, लेकिन अब हम सरकार बनाने जा रहे हैं।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी के सदस्य सीपी गुजराल ने कहा कि हम अमेरिका से बेहतर संबंध बनाना चाहते हैं। हमारे दरवाजे उन सभी के लिए खुले हैं, जो हमसे बातचीत करना चाहते हैं।
|