इराक के कट्टरपंथी शिया धर्मगुरु मुक्तदा अल सद्र ने धमकी दी है कि अगर इराकी और अमेरिकी बलों ने उनके अनुयायियों के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं की तो वे खुली लड़ाई का ऐलान कर सकते हैं।
सद्र का यह बयान शनिवार को पवित्र शहर नजफ में उनके कार्यालय ने जारी किया। बयान में कहा गया मैं आखिरी चेतावनी दे रहा हूँ और इराकी सरकार के लिए मेरा कहना है कि वह अपने लोगों के खिलाफ हिंसा त्याग कर शांति का रास्ता अख्तियार करे अन्यथा उसके लिए घातक होगा।
बयान में सद्र ने अमेरिकी सेना के साथ गठबंधन के लिए भी इराकी सरकार की आलोचना की। उल्लेखनीय है कि इराकी तथा अमेरिकी बलों का 25 मार्च से सद्र के बगदाद स्थित गढ़ तथा बसरा शहर में शिया मिलीशिया के साथ घमासान चल रहा है।
बसरा में शिया मिलीशिया पर हमले के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी के आदेश के बाद यह संघर्ष शुरू हुआ। इसके बाद संघर्ष इराक के शिया इलाकों में फैल गया।
तब से सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं और सैकड़ों घायल हो चुके हैं। कल ही बसरा में सद्र के एक गढ़ पर इराकी सेना के कब्जे के दौरान सद्र सिटी में 13 लोगों की जान गई।
|