मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
पाक राजदूत तालिबान के कब्जे में
गत फरवरी से लापता अफगानिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत तारिक अजीजुद्दीन शनिवार को एक अरबी टेलीविजन चैनल द्वारा प्रसारित वीडियो में दिखे। वीडियो में उन्हें तालिबान का बंधक दिखाया गया।

अल अरबिया चैनल द्वारा प्रसारित वीडियो में अजीजुद्दीन उनके चालक गुल नवाज और गार्ड आमिर सुल्तान हथियारबंद तालिबान आतंकवादियों से घिरे दिखे। राजदूत ने पाकिस्तान सरकार से अपनी रिहाई कराने तथा तालिबान की माँगों को पूरा करने की अपील की। इसमें हाल में हिरासत में लिए गए सभी तालिबान आतंकवादियों को भी मुक्त करने की माँग शामिल है।

चैनल ने कहा कि इस वीडियो को आठ मार्च को रिकॉर्ड किया गया था। यह रिकार्डिंग अपहरण किए जाने के करीब एक महीने बाद की गई है। बंधक बनाए जाने के बाद से पाकिस्तानी राजदूत की दाढ़ी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वे उच्च रक्तचाप और दिल की बीमारी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

तालिबान आतंकवादियों ने गत 11 फरवरी को अजीजुद्दीन उनके चालक और गार्ड का उस वक्त अपहरण कर लिया था, जब वह पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर से काबुल जा रहे थे।

विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद सादिक ने कहा कि सरकार अजीजुद्दीन की रिहाई के लिए मध्यस्थों के साथ काम कर रही है। उन्होंने राजदूत के अपहर्ताओं की ओर से की गई माँग का खुलासा करने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि सरकार उनकी रिहाई सुनिश्चित करेगी।

राजदूत ने अपनी बातें उर्दू में रखीं लेकिन उनके बयान को चैनल ने अरबी में अनुदित किया। उन्होंने कहा कि उनके चालक और गार्ड ठीकठाक हैं और उनकी देखभाल की जा रही है।
और भी
टाइटैनिक हादसे से जुड़ी चीजों की नीलामी
दोबारा नहीं टली है सरबजीत की फाँसी
टकरार में बदला बेयोंस का प्यार
विदेशी पर्यटकों को जल्द मिलेगी अनुमति
क्लिंटन मतदाताओं को लुभाने में असफल
संघर्षशील जोली के चित्र प्रकाशित