मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
हिलेरी मतदाताओं को लुभाने में नाकाम
मंगलवार को पेनसिल्वेनिया में होने वाले महत्वपूर्ण प्राइमरी चुनाव के पहले राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल डेमोक्रेटिक दल की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन मतदाताओं को लुभाने में असफल रही हैं।

एक राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण के मुताबिक अपने प्रतिद्वंद्वी बराक ओबामा की योग्‍यता और उनकी चुने जाने की क्षमताओं पर सवाल उठाने के बाद भी क्लिंटन मतदाताओं को आकर्षित नहीं कर सकी हैं।

'न्यूज वीक' की ओर से कल जारी सर्वेक्षण के अनुसार इलिनोइस से सीनेटर ओबामा क्लिंटन से 20 अंक आगे हैं। क्लिंटन के 35 फीसदी अंकोके मुकाबले ओबामा के अंक 54 फीसदी हैं। मार्च में एक पत्रिका के सर्वेक्षण में आँकड़ो के मामले में ओबामा से बराबरी पर रहीं अमेरिका की इस पूर्व प्रथम महिला की पकड़ एक महीने में ही ढीली पड़ गई है।

क्लिंटन के लिए सबसे ज्यादा घातक यह रहा कि बहुसंख्यक पंजीकृत मतदाता उन्हें अब बेइमान और अविश्‍वासी मानने लगे हैं। विश्‍लेषकों का कहना है कि उनके समर्थन के आँकड़े के अचानक घटने का यही कारण रहा है। एक हजार 209 मतदाताओं पर किए गए सर्वेक्षण में केवल 41 फीसदी लोगों का यह नजरिया था कि क्लिंटन ईमानदार और विश्‍वास करने योग्‍य हैं। जबकि 51 फीसदी लोगों का नजरिया इसके विपरीत था।

तुलनात्मक रूप से काफी मतदाताओं यानी 61 फीसदी का मानना था कि ओबामा और रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार जॉन मैक्केन ईमानदार और विश्‍वास करने योग्‍य हैं। सर्वेक्षण के मुताबिक 53 फीसदी मतदाताओं का मानना था कि ओबामा और उनके मूल्य साझा हैं। क्लिंटन के बारे में 47 फीसदी और मैक्केन के बारे में 45 फीसदी लोगों की यह राय थी।

सर्वेक्षण दर्शाता है कि ओबामा और क्लिंटन को एक दूसरे पर साधे गए निशानों के कारण नुकसान पहुँचा है। ओबामा को 57 फीसदी मतदाताओं ने अनुकूल बताया है। यह आँकड़ा पिछले सर्वेक्षण के मुकाबले चार फीसदी कम है। उन्हें 36 फीसदी लोगों ने प्रतिकूल बताया है।

क्लिंटन को 49 फीसदी लोगों ने अनुकूल बताया है। मार्च में यह आँकड़ा 56 फीसदी था। उन्हें 47 फीसदी लोगों ने प्रतिकूल बताया है। पिछली बार यह आँकड़ा 40 फीसदी था। सर्वेक्षण में मतदाताओं ने ओबामा को मैक्केन के मुकाबले चार अंक ज्यादा बेहतर बताया है। क्लिंटन ने भी उनकी तुलना में चार अंक ज्यादा हासिल किए हैं।
और भी
संघर्षशील जोली के चित्र प्रकाशित
ओबामा है क्लिंटन से आगे
क्रूज-होम्स नहीं होंगे अलग
शिकस्त देनी होगी उग्रवादियों को-अमेरिका
पाक द्वारा 'शाहीन-2' प्रक्षेपास्त्र का परीक्षण
बांग्लादेश में बस पलटने से 18 मरे