पाकिस्तान में सुरक्षाकर्मियों ने एक तालिबान कमांडर को मार गिराया है। उस पर अफगानिस्तान में 2001 के बाद अमेरिकी सेना पर कई जानलेवा हमला करने का आरोप था।
एक शीर्ष पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पेशावर में एक सड़क अवरोधक के पास अहमद शाह उर्फ मुल्ला इस्माइल को मार गिराया। दो-दो अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने उसके मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि उसका शव पाकिस्तानी अधिकारियों के पास है।
तीनों अधिकारियों ने नाम नहीं जाहिर करने का अनुरोध कर यह जानकारी दी। अमेरिकी तथा अफगान अधिकारियों ने बताया कि अहमद शाह उर्फ मुल्ला ने जून 2005 में घात लगाकर अमेरिकी कमाण्डो के एक समूह पर हमला किया था और उन्हें बचाने गए एक अमेरिकी हेलिकॉप्टर को मार गिराया था।
पेशावर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें दस अप्रैल को हुए एक अपहरण की घटना के सिलसिले में सूचना मिली थी जिस कारण सड़क की नाकेबंदी की गई। उसी समय तेज गति से आती एक कार को रोकने की कोशिश की तो उसमें सवार लोगों ने गोलियाँ चलाईं।
जवाबी कार्रवाई में दो व्यक्ति मारे गए। उनके पास बरामद कागजातों से उनकी पहचान हारून और नूर अगहा के रूप में की गई, लेकिन जाँच करने पर कागजात फर्जी निकले और उनमें से एक की पहचान शाह के रूप में हुई।
|