पाकिस्तान की जेल में 28 साल से बंद सरबजीतसिंह की फाँसी की सजा फिर टाल दी गई है। इसी के साथ सरबजीतसिंह को माफ करने की कोशिशें और तेज हो गई हैं।
जहाँ पाकिस्तान के मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी सरबजीत की माफी के लिए एक और याचिका दायर करेंगे, वहीं भारत के विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि वे फाँसी की सजा माफ कराने के लिए खुद पाकिस्तानी सरकार से बात करेंगे।
सरबजीत के परिवार के एक सदस्य ने बर्नी के हवाले से कहा है कि सरबजीत को एक मई को फाँसी पर चढ़ाने की सजा टाल दी गई है। भारत सरकार ने शुक्रवार को ही पाकिस्तान सरकार से पुरजोर अपील की थी कि कानूनी पहलुओं को किनारे रखते हुए इंसानियत के नाते इस बदकिस्मत इनसान को माफ कर दिया जाए।
प्रणब को उम्मीद : भारत सरकार सरबजीत की फाँसी को मानवीयता के आधार पर माफ करने के लिए पाकिस्तान से फिर अपील करेगी। विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने उम्मीद जाहिर की है कि पाकिस्तान सरकार सरबजीत की फाँसी की सजा माफ कर देगी।
|