अल कायदा के नंबर दो के नेता अयमान अल जवाहिरी ने कहा है कि इराक को इस्लाम का गढ़ बनाना मुस्लिमों का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कर्तव्य है।
इराक पर अमेरिकी हमले की पाँचवीं वर्षगाँठ के मौके पर जिहादियों की इंटरनेट साइटों पर डाले गए जवाहिरी के 16 मिनट के आडियो फाइल में अल कायदा नेता ने मुस्लिमों से एक वृहत मुस्लिम राष्ट्र की स्थापना के लिए संघर्ष का आह्वान किया है।
जवाहिरी को अल कायदा का सिद्धांत गढ़ने वाला प्रमुख व्यक्ति माना जाता है। आडियो संदेश में कहा गया है कि हम भीख माँगकर या जालसाजी पूर्ण चुनावों के जरिए नहीं बल्कि अपने हाथों से अपने अधिकार वापस लेंगे।
इराक पर हमले के पाँच साल और तानाशाहों का दशकों का अन्याय शीर्षक वाले जवाहिरी के इस संदेश में अमेरिका के इराकी कमांडर जनरल डेविड पिट्रास के आठ अप्रैल को अमेरिकी कांग्रेस में दिए गए बयान का भी जिक्र किया गया है।
इसमें छह अप्रैल की मिस की टैक्सटाइल कामगारों की हड़ताल का भी उल्लेख है जिससे पता चलता है कि यह हालिया रिकॉर्डिंग है। इंटरनेट निगरानी सेवा कंपनी एसआईटीई के अनुसार जवाहिरी ने मुस्लिमों से इराक को इस्लाम का गढ़ बनाने के साथ ही अल कायदा के सुन्नी मुस्लिम रूझान को भी रेखांकित किया गया है।
जवाहिरी ने अमेरिका के शिया ईरान के साथ मिलकर इराक विरोधी योजना का भी जिक्र किया है, जिसके बारे में उसका कहना है कि इससे पश्चिम एशिया फट पड़ेगा।
|