नेपाल में माओवादी ऐतिहासिक संविधान सभा के चुनावों में प्रत्यक्ष मतदान में शामिल 240 सीटों में से 119 पर जीत के साथ शुक्रवार को साधारण बहुमत के और करीब आ गए, जबकि अभी पूरे नतीजे नहीं आए हैं।
प्रत्यक्ष मतदान में शामिल कुल 240 सीटों में स्पष्ट बहुमत के लिए सीपीएन माओवादी को अभी दो सीटों की दरकार है और अब तक 225 सीटों के नतीजे सामने आए हैं। प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला की नेपाली कांग्रेस 35 सीटों के साथ दूसरे और सीपीएन यूएमएल 31 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर है।
समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली में पड़े कुल मतों में पूर्व विद्रोहियों को सिर्फ 32 प्रतिशत मत मिले हैं। समानुपातिक प्रणाली पूर्व विद्रोहियों को 601 सदस्यीय संविधान सभा में बहुमत हासिल करने से रोकती भी है। समानुपातिक प्रणाली में नेपाली काँग्रेस और सीपीएन यूएमएल को अब तक 23 और 21 प्रतिशत मत मिले हैं।
प्रत्यक्ष मतदान में मधेसी पीपुल्स राइट्स फोरम (एमपीआरएफ) 24 सीटें जीतकर चौथे स्थान पर है। अब तक घोषित 225 सीटों के परिणाम में तराई मधेस डेमोक्रेटिक पार्टी (टीएमडीपी) ने तीन सदभावना पार्टी ने तीन और जनमोर्चा नेपाली कामगार एवं किसान पार्टी तथा निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो-दो स्थानों पर जीत दर्ज की है।
|