नेपाल में संपन्न चुनाव में सबसे शक्तिशाली बनकर उभरे माओवादियों ने कहा है कि सत्ता में आते ही वे राजशाही को सम्मान के साथ विदा कर देंगे।
खबरों के मुताबिक नेपाल नरेश ज्ञानेन्द्र को नारायणहिती राजप्रसाद खाली करने के लिए चार सप्ताह का अल्टीमेटम भी दे दिया गया है। समझा जाता है कि ज्ञानेन्द्र भारत में मयपरिवार के शरण ले सकते हैं।
शीर्ष माओवादी नेता बाबूराम भट्टाराई ने कहा कि संविधान सभा की पहली बैठक के दिन राजशाही को पूरे सम्मान के साथ विदा कर दिया जाएगा।
इस बीच माओवादियों के प्रमुख प्रचंड नेपाल नरेश ज्ञानेन्द्र से नारायणहिती राजप्रसाद खाली करने का पहले ही अनुरोध कर चुके हैं।
नेपाल न्यूज ने प्रचंड के हवाले से कहा है कि नेपाल नरेश को अब राजमहल खाली कर देना चाहिए। इससे हमारा काम आसान हो जाएगा। यह देश के साथ हम सबके हित में होगा।
|