मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
लंबा और कठिन रहा है इराक युद्ध-बुश
यह स्वीकारते हुए कि इराक युद्ध पूर्वानुमान से भी ज्यादा लंबा और मुश्किल रहा है, राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने कहा है कि इराक में विफलता हाथ लगने पर दोस्तों को यह संदेश जाएगा कि आप अमेरिका पर निर्भर नहीं रह सकते।

बुश ने कल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन से बातचीत के बाद एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में यह बात कही। बुश के अनुसार इराक में सफलता से अल कायदा और ईरान की आकांक्षाओं को बहुत धक्का पहुँचेगा। इस दौरान दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

बुश ने कहा कि मैं इराक में सफलता पाने का इच्छुक हूँ। यह अभियान सुरक्षा के मोर्चों पर सफलता पा रहा है। यह आर्थिक मोर्चे पर बेहतर कर रहा है और इसमें राजनीतिक मोर्चे पर सुधार आ रहा है। हमें सफलता पाने के लिए सैनिकों को वहाँ रखना होगा। उन्होंने हालाँकि यह स्वीकार किया कि यह इतना आसान नहीं रहा है, यह मुश्किल रहा है। यह मेरे पूर्वानुमान से भी ज्यादा लंबा चला है।

उन्होंने कहा कि इराक में विफल होने से अल कायदा की हिम्मत बढ़ेगी। ईरान की परमाणु शस्त्र पाने की इच्छा को रोकने के प्रयासों को लेकर ठीक संदेश नहीं जाएगा और वह अमेरिका और उसके सहयोगियों को गंभीरता से नहीं लेगा।

बुश ने कहा कि जनरल पीट्रेउस सोचते हैं कि हम कम सैनिकों की बदौलत भी जीत सकते हैं, इसलिए मैंने उनकी अनुशंसा को स्वीकार किया है। वे और इराक में अमेरिका के दूत क्रोकर यह जानते हैं कि राजनीतिक प्रक्रिया को स्थायित्व देने और अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के लिए वहाँ सैनिकों को रखना जरूरी है।

बुश ने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के मुकाबले गार्डन ब्राउन के साथ अपने संबंधों को कम विशेष बताने की अटकलों को गलत करार दिया। हमारे आपसी संबंध अच्छे हैं। हमारे खास रिश्ते साझा मूल्यों और इतिहास के कारण गढ़े गए हैं। हम एक साथ इतिहास रच रहे हैं।

हम बहुत-सी समस्याओं से निपट रहे हैं। राजनीतिक मकसद के लिए मासूमों को मारने की लोगों की इच्छा सबसे प्रमुख समस्या है। यह 21वीं सदी की सभ्यता के लिए एक बुनियादी खतरा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ब्राउन इस खतरे को देख रहे हैं। मुझे भरोसा है कि भविष्य के राष्ट्रपति संबंधों को बनाए रखेंगे। हमारे बीच रिश्ते अनोखे हैं। ब्राउन ने कहा कि यह खास रिश्‍ते सरकारों के बीच ही नहीं, बल्कि लोगों के बीच भी है। मैं सभी स्तर पर रिश्तों को बढ़ाने के लिए आशान्वित हूँ। मैं भी रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए बुश की ही तरह कड़ी मेहनत करूँगा।
और भी
डार्विन के दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध
पुतिन की शादी की खबर झूठी
पाक परमाणु कार्यक्रम के लिए वचनबद्ध
आईआईटी और कैम्ब्रिज के बीच समझौता
ब्रिटनी को महँगी पड़ी वकीलों की फीस
छह ब्रिटिश मुस्लिम दोषी करार