रूसी टेबलायड 'मास्कोवस्की करोसपोन्डेंट' ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अपने से आधी उम्र की जिमनास्ट से शादी करने की योजना की खबर प्रकाशित करने पर खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि इस प्रकाशन के लिए कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।
मास्कोवस्की ने स्वीकार किया कि वह नामी जिमनास्ट के साथ पुतिन की शादी से संबंधित अपनी खबर की पुष्टि नहीं कर सकता। टेबलायड ने खबर से संबंधित विभिन्न पक्षों से माफी माँगी है। उल्लेखनीय है कि मास्कोवस्की में चटपटे गासिपों की भरमार होती है और उसने खबर दी थी कि 55 साल के पुतिन की योजना पूर्व ओलिंपिक जिमनास्ट एलीना काबायेवा (25) के साथ 15 जून को शादी करने की है। मास्कोवस्की ने यह दावा किया था कि पुतिन ने फरवरी में ही अपनी पत्नी ल्यूडमिला को तलाक दे दिया। हालाँकि दो मार्च को राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के दौरान दोनों को सार्वजनिक रूप से एक साथ देखा गया था।
टेबलायड ने स्वीकार किया कि कि प्रकाशन के लिए उसके पास कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। मास्कोवस्की ने आज मुख्य पृष्ठ पर छपे संपादकीय में गहरा अफसोस व्यक्त किया।
रूसी संसद के निचले सदन ड्यूमा की सदस्य काबायेवा ने अपने प्रवक्ता के जरिये स्पष्ट रूप से इस खबर को खारिज करते हुए टेबलायड से खंडन छापने को कहा था। क्रेमलिन ने पुतिन और काबायेबा की शादी पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। टेबलायड द्वारा माफी माँगने के एक दिन पहले ही इसके स्वामी पूर्व केजीबी अधिकारी और अरबपति अलेक्जेंडर लेबेदेव ने रिपोर्ट से अपने को अलग करते हुए कहा कि मीडिया कानूनों के अनुसार संपादकीय को पुख्ता प्रमाण पेश करना चाहिए।
|