पूर्व गृहमंत्री जॉन रीड पर एक टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम विरोधी होने का आरोप लगाने वाले अबु इजाद्दीन समेत छह ब्रिटिश मुस्लिमों को आतंकवादियों के लिए धन एकत्र करने तथा विदेशों में आतंकवाद को बढ़ावा देने का दोषी करार दिया गया है।
किंगस्टन क्राउन कोर्ट ने करीब साढ़े तीन महीने की सुनवाई के बाद इन्हें दोषी ठहराने वाला फैसला सुनाया।
सरकारी वकील जोनाथन लेडला ने कहा कि आरोपियों ने कई ऐसे भड़काऊ भाषणों में अपना योगदान दिया, जिनमें धन दान करने के साथ ही इराक में अमेरिकी नेतृत्व वाले सैनिकों के खिलाफ संघर्ष में लोगों से शामिल होने का आह्वान भी शामिल था।
सभी आरोपी आतंकवादी समूह अल मुहाजीरोन के सदस्य बताए जाते हैं। समझा जाता है कि यह समूह उमर बाकरी मोहम्मद की अगुवाई में किसी इस्लामिक राष्ट्र के गठन में लगा है।
लंदन में जमैइकिन ईसाई परिवार में ट्रेवोर बुक्स के नाम से पैदा हुए 32 वर्षीय इजाद्दीन ने सितंबर 2006 में एक सीधे टेलीविजन प्रसारण में रीड को 'इस्लाम का दुश्मन' बताया था। उसने रीड को 'तानाशाह' भी करार दिया था।
इस मामले में दोषी करार दिए गए अन्य आरोपियों में सिमोन किलर, अब्दुल मुहीद शाह, जलाल हुसैन, अब्दुल रहमान सलीम तथा इब्राहीम अब्दुल्ला हसन शामिल हैं।
|