ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम के लिए ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है, खासकर तेहरान के तरलीकृत प्राकृतिक गैस में विनिवेश को देखते हुए।
ब्राउन ने कहा कि अगले कुछ सप्ताह में हम प्रतिबंध और मानकों को बढ़ाना चाहते हैं, जिसमें तरलीकृत प्राकृतिक गैस में विनिवेश को शामिल करना है। मैं उम्मीद करता हूँ कि इससे ईरान प्रशासन को संकेत मिलेगा कि जो हो रहा है वह अस्वीकार्य है।
ब्रिटिश नेता के वॉशिंगटन दौरे के समय ईरान एक बड़ा मुद्दा रहा, जो व्हाइट हाउस में जार्ज बुश के साथ वार्ता के साथ-साथ उनके आवास पर निजी भोज समारोह में भी छाया रहा।
वार्ता के बाद बुश के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कल ब्राउन ने कहा कि मैं यह बात कहते हुए खेद नहीं जता रहा हूँ कि जहाँ तक संभव है, हम लोग ईरान पर प्रतिबंध बढ़ाएँगे। ईरान परमाणु अप्रसार संधि को तोड़ने के कगार पर है और उसने अपनी योजनाओं के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने सच नहीं रखा है।
उन्होंने कहा कि मैं अन्य यूरोपीय नेताओं से बात कर रहा हूँ कि किस तरह हम अगले कुछ समय में ईरान के खिलाफ यूरोपीय प्रतिबंध बढ़ा सकते हैं और जो प्रतिबंध लगाए जाने वाले हैं, उन्हें प्रभावी तरीके से लागू कर सकते हैं।
ब्राउन ने कहा कि ब्रिटेन अमेरिका और अपने दूसरे सहयोगियों सहित रूस एवं चीन के साथ काम करेगा, ताकि ईरान को आभास हो कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय की अनदेखी नहीं कर सकता।
|