इस साल हज यात्रा पर सऊदी अरब आने वाले 157000 भारतीय हज यात्रियों के ठहरने तथा अन्य सेवाओं के लिए बेहतर व्यवस्था की जा रही है।
विदेश राज्यमंत्री ई अहमद ने नई पहलों का ऐलान करते हुए कहा कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के जरिये आने वाले हज यात्रियों को मीना शहर की परम्परागत सीमाओं के भीतर टेंटों में ठहराया जाएगा। इससे पहले के वर्षों में तीर्थयात्री उन टेंटों में ठहराए जाते थे जिनके बारे में उनकी शिकायत होती थी कि वे मीना से बाहर हैं।
अहमद ने यह ऐलान भी किया कि हज यात्रियों को बिना अतिरिक्त लागत के लौटते वक्त दस लीटर आबे जमजम (पवित्र जल) का केन लाने की भी इजाजत होगी।
अहमद ने कल जेद्दा में सऊदी अरब के हज मंत्री फाउद अल-फारसे के साथ 2008 की हज व्यवस्थाओं पर दस्तखत किए। पिछले साल की तरह इस साल भी भारत के लिए कोटा 157000 रहेगा। हालाँकि भारत ने इसमें 15000 की बढ़ोतरी के लिए जोर दिया है।
इन यात्रियों में 110000 हज समिति के जरिये आएँगे जबकि शेष निजी टूर ऑपरेटर के माध्यम से हज यात्रा करेंगे। अहमद ने कहा कि जेद्दा में भारतीय मिशन इस साल की हज यात्रा को सुचारु ढंग से सम्पन्न करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
|