इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से सैकड़ों लोगों को अपना घरबार छोड़कर भागना पड़ा और हजारों मीटर दूर तक जलता हुआ लावा और धुएँ के बादल देखे गए।
अधिकारियों ने बताया कि कल देर रात पूर्वी द्वीप फ्लोरेस में 1703 मीटर ऊँचे एगोन पर्वत से ज्वालामुखी फूट पड़ा। वहाँ साँस लेने के लिए मास्क और शुद्व पानी पहुँचाया गया है।
इंडोनेशिया के ज्वालामुखी विभाग के मुताबिक ज्वालामुखी फटने से उसके करीब के एक गाँव 600 लोगों को निकाला गया लेकिन स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक अभी भी करीब 23 हजार लोग खतरनाक जोन में हैं।
रोबर्ट राय ने बताया तीन उप जिलों में 23 हजार से ज्यादा लोग खतरनाक जोन में हैं। उप जिला प्रमुखों से संपर्क करने पर शुरुआती जानकारी में बताया गया कि ज्वालामुखी से पहले इलाके में भूकंप आया। अभी यह मालूम नहीं हो सकता कि कुल कितने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।
कल सुबह अधिकारी जिला चुनाव की तैयारी में थे, तभी ज्वालामुखी विस्फोट से अफरा तफरी मच गई। इंडोनेशिया के ज्वालामुखी विभाग ने कहा ज्वालामुखी में होने वाली हरकत की जाँच के लिए एक दल भेज दिया गया है। फिलहाल किसी के मत्यु की सूचना नहीं मिली है। (भाषा)
|