इराक की राजधानी बगदाद के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को बम धमाकों और शिया मिलीशिया और अमेरिकी सेना की बीच संघर्ष में कम से कम 62 लोग मारे गए। पुलिस का कहना है कि अल कायदा की मजबूत पकड़ वाले बकूबा शहर में अदालत परिसर के बाहर हुए कार बम धमाके में कम से कम 40 लोग मारे गए, जबकि 80 लोग हताहत हो गए। पिछले एक माह में यह अपनी तरह का सबसे घातक हमला है। चिकित्सा अधिकारियों का कहना है कि कई घायलों की पहचान नहीं हो पाई है और स्थानीय अस्पतालों के बाहर घायलों की पहचान जानने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। धमाके में तीन मिनीबस और दस मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इससे अव्यवस्था के हालात पैदा हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया बकूबा में मुख्य अदालत परिसर के बाहर हुए कार बम धमाके में कम से कम 40 लोग मारे गए। मृतकों में एक महिला और एक पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम 80 लोग घायल हुए हैं जिनमें महिलाएँ और बच्चे भी शामिल हैं।
|