अमेरिका की यात्रा पर आए तिब्बत के सर्वोच्च आध्यात्मिक गुरू दलाई लामा का सिएटल पहुँचने पर हजारों स्कूली बच्चों ने शांति के नारों के साथ श्रद्धापूर्ण स्वागत किया।
तालियों की गड़गडा़हट, ढोलबाजों की धमक के बीच पारंपरिक वेशभूषा में दलाई लामा ने शहर के मध्य एक सभागार में लगभग साढ़े 14 हजार बच्चों को हिंसा और पारिवारिक विद्वेष को खत्म करने की सीख दी।
उन्होंने माताओं को अपनी संतान को अधिक से अधिक प्रेम और संस्कार देने की नसीहत के साथ समाज को क्षमा, दया और संयम की शिक्षा भी दी।
लगभग 25 मिनट के इस उपदेशात्मक संबोधन से बच्चे प्रभावित तो दिखाई दिए, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वे दलाई लामा से तिब्बत के विषय में सुनना-जानना चाहते थे। दलाई लामा सिएटल के पाँच दिन के प्रवास पर आए हुए हैं।
|