योग के लाभ पर यदि दुनिया में किताबें लिखी जाएँ तो शायद इसका कभी अंत न हो। हाल ही में फिलाडेल्फिया की टेम्पल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने यह पाया कि बड़ी उम्र में कुछ महिलाओं ने योग शुरू किया तो उन्हें कहीं अधिक फायदा हुआ। अमेरिका में तो लोग योग के लाभ से चमत्कृत से हैं।
जिन महिलाओं पर अध्ययन किया गया, वे 65 साल से अधिक की हैं। करीब 24 महिलाओं पर इसका परीक्षण किया गया। ये सभी आयंगर योग कार्यक्रम में करीब 9 सप्ताह तक शामिल हुईं।
योग से पहले और योग के बाद इनके शारीरिक परीक्षण आदि किए गए। इसमें काफी अंतर देखा गया। पवनमुक्तासन की वजह से इनके सारे जो़ड़ खुल चुके थे। इस वजह से उन्हें चलने में और कहीं मुड़ने या कोई विशेष काम करने में आने वाली परेशानी खत्म हो गई।
कार्यक्रम के पहले जब इन महिलाओं से केवल एक दाहिने पाँव के बल पर खड़े होने को कहा गया तो ये सिर्फ 18.7 सेकंड तक खड़ी रह सकीं, परंतु कार्यक्रम पूरा होने के बाद करीब आधा मिनट तक एक पाँव पर खड़ी रहीं।
टेम्पल यूनिवर्सिटी के गेट स्टडी सेंटर के निदेशक डॉ. जिनसप साँग कहते हैं कि यदि योग सही माहौल में हो तो लाभकारी होता है। योग से पूरे शरीर में संतुलन आता है और यह नड़ियों को भी शुद्ध करता है। (नईदुनिया)
|