ओलिंपिक मशाल रिले बुधवार को पहली बार पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुँचेगी। यहाँ रिले के दौरान राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की सुरक्षा स्तर की व्यवस्था रहेगी।
पाकिस्तान ओलिंपिक संघ के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद आरिफ हसन ने कहा कि इस्लामाबाद दुनिया के उन 22 शहरों में से एक है जिनको बीजिंग ओलिंपिक की मशाल रिले के लिए चुना गया है। इस्लामाबाद में करीब 80 हस्तियाँ मशाल रिले में शामिल होंगी।
अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान में ओलिंपिक मशाल के स्वागत के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। खेलमंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बयान में कहा कि मशाल रिले प्रतिभागियों के लिए सुरक्षा इंजताम राष्ट्राध्यक्ष की सुरक्षा स्तर के होंगे।
मशाल रिले के लिए इस्लामाबाद के चयन से पाकिस्तान और चीन के बीच गहरी और जाँची परखी दोस्ती झलकती है। ओलिंपिक मशाल 16 अप्रैल को सुबह मस्कट से इस्लामाबाद पहुँचेगी और इसी दिन शाम को नयी दिल्ली ले जाई जाएगी।
पाकिस्तान में चीनी और पाकिस्तानी स्वयंसेवकों ने स्कूलों में जाकर बच्चों को इस बारे में जानकारी दी। तिब्बत में चीन के दमन कार्यक्रम के विरोध में लंदन और पेरिस में पहले ही रिले को बाधित किया जा चुका है, लेकिन पाकिस्तान इस तरह की किसी भी स्थिति से बचने के लिए तैयार रहेगा।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने ओलिंपिक खेलों के राजनीतिकरण और विध्वंसकार्रीं प्रयासों पर विरोध जताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तिब्बत में हिंसा को बढ़ाकर ओलिंपिक की विचारधारा को बिगाड़ने के लिए कुछ लोग हिंसक प्रदर्शन कर अपने हित साध रहे हैं।
पाकिस्तान में पिछले साल हुए आत्मघाती हमलों और तालिबान समर्थकों के हमले में सैकड़ों लोग मारे गये हैं। इसके मद्देनजर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होगी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा है कि सरकार मशाल रिले को निर्बाध सुरक्षित बनाने के लिए पूरा सहयोग देगी। पाकिस्तान में इसका आना सरकार और जनता के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि रिले को लेकर सुरक्षा के तमाम सभी इंतजाम किये जाएँगे।
मशाल रिले में भाग लेने वाली पाकिस्तानी हस्तियों में पिछले साल विशेष ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली नजमा वोहरा, हॉकी खिलाड़ी समीउल्लाह खान और हसन सरदार, डान मीडिया समूह के सीईओ हमीद हारून, संगीतकार जोड़ी बिलाल मकसूद और फैसल कपाड़िया, मॉडल और अभिनेत्री वनीजा अहमद, पूर्व स्क्वैश चैंपियन जहांगीर खान आदि होंगे।
|