मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
प्रतिभा पाटिल को देखने के लिए उमड़ी भीड़
ब्राजील की वाणिज्यिक राजधानी साओ पाउलो में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का भारतीय समुदाय के लोगों ने जिस प्रकार शानदार स्वागत किया उसकी खुद उन्हें भी उम्मीद नहीं रही होगी। तीन लातिन अमेरिकी देशों के दौरे पर पहुँचीं पाटिल को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रतिभा पाटिल के सम्मान में आयोजित समारोह में उन्हें उद्‍घाटन भाषण देना था, लेकिन यह समारोह जल्द समाप्त होते देख आयोजकों को बड़ी हैरानी हुई और उन्होंने लोगों से भारत की पहली महिला राष्ट्रपति के साथ फोटो खिंचवाने के लिए कतारबद्ध होने को कहा।

इसके कुछ ही क्षण बाद पंचतारा होटल का पूरा हॉल खाली हो गया और लोग एक-एक कर फोटो खिंचवाने के लिए आने लगे, लेकिन भीड़ इस कदर उमड़ी क‍ि आयोजकों को इसे जल्द ही समाप्त करने का फैसला करना पड़ा और राष्ट्रपति को हॉल से निकाला गया।

राष्ट्रपति ब्राजील, मैक्सिको और चिली की 13 दिवसीय यात्रा पर हैं। साओ पाउलो में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ब्राजील दोनों दुनिया के विशाल लोकतंत्रों और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख राष्ट्र हैं।

पाटिल ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि दोनों देशों की विशाल तथा दक्ष श्रमशक्ति, विशाल भू-भंडार, गतिशील, खरबों डॉलर की अर्थव्यवस्थाओं तथा उद्यमशीलता की भावना ने विश्व मंच पर हमारे दोनों देशों को प्रमुख खिलाड़ी की भूमिका प्रदान की है।

राष्ट्रपति ने कहा कि केवल साओ पाउलो से ही ब्राजील यात्रा की शुरुआत होनी चाहिए, क्योंकि यह विशाल महानगर ब्राजील की आर्थिक और वाणिज्यिक राजधानी है। उन्होंने साथ ही कहा कि यह अपने आप में बेहद अनोखी बात है कि विश्व का एकमात्र योग विश्वविद्यालय इसी शहर में है।

उन्होंने कहा कि मुझे यह भी बताया गया है कि ब्राजील के 80 फीसदी पशुधन का मूल स्रोत भारत की नैल्लोर प्रजाति का है, जिसे ब्राजील में जेबू के नाम से जाना जाता है। वर्ष 2006 को भारत से उत्तर-पूर्वी ब्राजील में पहली गाय आयात किए जाने की 100वीं वर्षगाँठ के रूप में मनाया गया।

पाटिल ने ब्राजील के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान को भी सराहा और कहा कि आप एक दूरस्थ देश में न केवल हमारे राजदूत हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच आपसी समझ के पुल का निर्माण करने में भी अपना योगदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने एक ओवरसीज इंडियन फेसिलिटेशन सेंटर की स्थापना की है, जो भारत में निवेश करने और लाभ हासिल करने का आपके लिए एक मार्ग हो सकता है। इसके साथ ही डायसपोरा नोलेज नेटवर्क स्थापित करने की दिशा में भी काम शुरू हो गया है।
और भी
अरब का इतिहास उकेरेंगे एमएफ हुसैन
कराची में हिंदू कर्मचारियों की आफत
भूटान में भी है हिन्दी फिल्मों की दीवानगी
स्वात घाटी में तालिबानी फिर सक्रिय
रुश्दी के जीवन में आई नई महिला
ऑस्ट्रेलिया में पहली महिला गवर्नर जनरल