कराची में एक फैक्ट्री के करीब 40 हिंदू कर्मचारियों को अपने एक साथी की कथित हत्या का मामला दर्ज कराने की कोशिश करने के बाद अपने कार्यस्थल में प्रवेश करने से रोका गया।
मारवाड़ी मोहल्ला में रहने वाले ये सभी कर्मचारी 22 वर्षीय जगदीश कुमार के पड़ोसी हैं। जगदीश को आठ अप्रैल को उसके कुछ साथियों ने फैक्ट्री में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ निंदाजनक टिप्पणी करने के आरोप में कथित तौर पर मार डाला था।
ल्यारी शहर के अल्पसंख्यक काउंसिलर रतन कुमार ने बताया कि हिंदू समुदाय के कुछ लोगों ने जगदीश की मौत के मामले की पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की।
इसके बाद फैक्ट्री के प्रबंधन ने 40 हिंदू कर्मचारियों को कोरांगी औद्योगिक इलाके में स्थित नोवा इंडस्ट्रीज में प्रवेश करने से रोक दिया।
रतन कुमार ने न्यूज डेली को बताया आठ अप्रैल को जगदीश की हत्या हुई और तब से फैक्ट्री की गाड़ी कर्मचारियों को लेने नहीं आई। इसलिए उन्हें लगा कि उनकी नौकरी छूट गई है। इन कर्मचारियों को अपने मुस्लिम साथियों से खबर मिली कि फैक्ट्री के प्रबंधन ने जगदीश की कथित ईशनिंदा वाली टिप्पणियों के बदले में सबको बर्खास्त कर दिया है।
|