ईरान के दक्षिणी शहर शिराज में मगरिब की नमाज के दौरान मस्जिद में हुए धमाके में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम 191 अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने आज बताया कि नमाज के दौरान मस्जिद में कई प्रमुख धर्मगुरु मौजूद थे। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया था कि कल देर रात हुए इस विस्फोट का कारण बम विस्फोट बताया गया था। बाद में विस्फोट के कारणों पर लापरवाही समेत अलग-अलग राय व्यक्त की गई।
स्थानीय अधिकारियों के हवाले से फार्स संवाद समिति ने बताया कि मस्जिद के पुरुष भाग में मगरिब के नमाज के वक्त भारतीय समयानुसार रात दस बजे जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय धर्म गुरू होजातोलेसलाम अंजानिनेजाद इस इस दौरान खुतबा (प्रवचन) दे रहे थे।
सरकारी संवाद समिति 'इरना' ने आपात सेवा के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 191 अन्य घायल हो गए। इनकी संख्या बढ़ सकती है।
|