कुवैत सिटी में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य जख्मी हो गए।
एक सुरक्षा अधिकारी ने कल बताया कि एक व्यक्ति की मौत समुद्र में डूबने से हुई जबकि एक मॉल के शीशे टूटकर गिरने की वजह से कई लोग जख्मी हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार अंधड़ की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। शहर के लोगों को चेतावनी दी गई है कि आज भी इस तरह का अंधड़ आ सकता है।
अंधड़ की वजह से शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल, बोर्ड तथा पेड़ उखड़ गए हैं। कुछ कारों को भी नुकसान पहुँचा है। प्रशासन ने लोगों को घर के अंदर ही रहने की हिदायत दी है।
|