अपने पालतू साँपों के भोजन के लिए बाजार से खरीदकर लाए गए चूहे एक महिला को इतने प्यारे लगने लगे कि उसने उन्हें अपना दोस्त बना लिया और उसके घर में इनकी जनसंख्या तेजी से बढ़ने लगी।
अधिकारियों ने बताया कि जब वे चूहों को हटाने गए तो देखा कि घर के हर कोने में चूहे मौजूद थे और चारों ओर गंदगी बिखरी पड़ी थी।
थर्सटन काउंटी एनिमल सर्विसेस की निदेशक सूसेनी ब्यूरिगार्ड ने बताया कि जब वे 64 वर्षीय मिशेल डीलर नामक महिला के घर पर पहुँची थीं तो उन्होंने एजेंसी की मदद करने से इनकार कर दिया, पर वे अपनी बिल्ली को वापस पाने के लिए लिविंग सेंटर में जाने को तैयार हो गईं।
मिशेल के घर से 11 जानवरों को जब्त किया गया था जिनमें गंभीर रूप से कुपोषित एक बिल्ली, चार साँप और कुछ चूहे शामिल थे। अधिकारी जब इन जानवरों को जब्त करने गए तो मिशेल ने उनसे कहा कि आप लोग मेरे दोस्तों को कोई नुकसान नहीं पहुँचाएँगे। मुझे इनके यहाँ रहने से कोई परेशानी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिणी ओलंपिया स्थित रोचेस्टर में इस महिला के घर में से चूहों ने उसके पड़ोसियों के घर में भी घुसना शुरू कर दिया था।
|