अर्जेन्टीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में ओलिंपिक मशाल का सफर शुरुआती व्यवधान के बाद शांतिपूर्ण रहा।
करीब 2500 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों को कल उस 13 किलोमीटर रास्ते पर तैनात किया गया था, जहाँ से मशाल गुजरी। यह व्यवस्था तिब्बत पर चीन की कार्रवाई का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को दूर रखने के लिए की गई थी।
पुलिस को कुछ घटनाओं की खबर मिली। दो प्रदर्शनकारियों ने वाटर बम का इस्तेमाल कर मशाल को बुझाने की कोशिश की। पुलिस ने यह प्रयास नाकाम कर दिया और दोनों प्रदर्शनकारी पकड़े गए। बाद में इनकी पहचान पता करने के बाद उन्हें जाने दिया गया।
अर्जेन्टीना के जाने-माने चैंपियन कार्लोस एस्पिनोला ने मशाल लेकर दौड़ शुरू की। आखिर में फुटबॉल दिग्गज दियागो मेराडोना को उनसे मशाल लेकर दौड़ समाप्त करना थी, लेकिन वे मैक्सिको से समय पर लौट नहीं पाए। बड़ी संख्या में लोगों ने तालियाँ बजाकर मशाल का स्वागत किया।
|