संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून बीजिंग ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लेंगे। एक अधिकारी ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया है कि मून अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह में भाग नहीं ले पाएँगे।
महासचिव के प्रवक्ता ओकाब ने बताया कि दुनिया भर में तिब्बतियों द्वारा किए जा रहे चीन के विरोध और मून के ओलिंपिक में न जा पाने का कोई संबंध नहीं है। भाग लेने के प्रति अपनी असमर्थता मून ने कार्यक्रम के दो माह पहले ही व्यक्त कर दी थी। फिलहाल यह साफ नहीं है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थाई सदस्य चीन ने मून के इस निर्णय को किस प्रकार लिया है। हालाँकि संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों का कहना है कि ओलिंपिक खेलों के शुरु होने से कुछ दिन पहले जुलाई में वे बीजिंग जाएँगे।
अनेक मानवाधिकार समूहों ने दुनियाभर के नेताओं से ओलिंपिक का बहिष्कार करने का आग्रह किया है और राजनयिकों का मानना है कि मून का कार्यक्रम में भाग न लेने को वे अपनी सफलता मान सकते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश पर भी संयुक्त राष्ट्र समारोह का बहिष्कार करने का दबाव है। यूरोप के संसद ने भी अपने नेताओं से इसका बहिष्कार करने के लिए कहा है।
|