अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजामों के बीच गुरुवार को नेपाल में हो रहे संविधान सभा के ऐतिहासिक चुनाव में भारी मतदान की खबर है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक हिंसा की छिटपुट घटनाओं में नेपाली कांग्रेस के एक समर्थक के मारे जाने को छोड़कर मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा।
पूर्वी नेपाल के सनसारी जिले में रामनगर भुटाआ मतदान केन्द्र पर माओवादी कार्यकर्ताओं और नेपाली कांग्रेस के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प में नेपाली कांग्रेस का एक कार्यकर्ता गंगा दास सिर पर चोट लगने से मारा गया। इस घटना के फोरन बाद वहाँ मतदान स्थगित कर दिया गया।
देश के विभिन्न हिस्सों से स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि सबेरे सात बजे मतदान शुरू होते ही मतदान केन्द्रों पर उत्साही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
हिमालयन टाइम्स के मुताबिक राजधानी काठमांडू में 55 प्रतिशत मतदान की खबर है, जबकि पश्चिमी नेपाल के लामजुंग जिले में दोपहर तक 72 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
अन्य जिलों पारसा, रासुवा, बाँके, बहहांग, सुरखेत और मुगु जिलों में भी 60 प्रतिशत तक मतदान होने की खबर है, जबकि काठमांडू, दारचुला, चितवन, भक्तपुर मुस्तांग और ललितपुर में 55 फीसदी मतदान हुआ।
कुछ जिलों में विरोधी गुटों के बीच हिसंक संघर्ष और मतदान केंद्रों पर कब्जा करने जैसी एक आध वारदात हुई। हिमालयन टाइम्स के मुताबिक ललितपुर के तीन मतदान केन्द्रों पर माओवादी समर्थकों ने कब्जा कर लिया और माओवादियों की खिलाफत करने वाले मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिए गए। खबरों में कहा गया है कि इन लोगों ने आठ चुनाव कर्मचारियों को भी अगवा कर लिया।
|