मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
वेनेजुएला भारत को सहयोग करेगा
लेटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्योगो शावेज ने भारत की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए दो बड़े तेल क्षेत्रों में भागीदारी के भारत के आग्रह पर मोटे तौर पर अपनी सहमति व्यक्त कर दी है।

वेनेजुएला की तीन दिवसीय यात्रा पर यहाँ पहुँचे पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैसमंत्री मुरली देवड़ा के साथ करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात के बाद शावेज ने कहा कि वे भारत को काफी महत्व देते हैं और उसके साथ किए जाने वाले किसी भी समझौते को पूरा सम्मान देते हुए पक्की वचनबद्धता के साथ उसे निभाया जाएगा।

शावेज ने वेनेजुएला के दो अन्य तेल क्षेत्रों काराबोबो और हुनीन नार्थ में भारतीय कंपनियों को हिस्सेदारी देने के देवड़ा के आग्रह का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक तौर पर वे इस फैसले के हक में हैं, लेकिन इस बारे में अंतिम निर्णय तकनीकी दल के अध्ययन और जाँच पड़ताल के बाद ही होगा।

हालाँकि उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका भी सकारात्मक नतीजा ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में जैसे-जैसे कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ेगा, वैसे-वैसे भारत को और ज्यादा कच्चे तेल की आपूर्ति की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत को 10 लाख बैरल प्रतिदिन यानी पाँच करोड़ टन तक कच्चे तेल की आपूर्ति हो सकेगी।

शावेज ने तेल एवं गैस के साथ-साथ भारत के साथ तकनीकी, वैज्ञानिक, औषधि और चिकित्सीय उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की अपनी मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वे आवास तथा बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। इस दिशा में उन्होंने दोनों देशों के संयुक्त आयोग की बैठक जल्द आयोजित होने की भी जानकारी दी।

देवड़ा की काराकास यात्रा को महत्वपूर्ण बताते हुए शावेज ने कहा कि देवड़ा के नेतृत्व में वेनेजुएला पहुँचा बड़ा प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और देश की जनता को भी इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएँ दीं।
और भी
पेरू में विमान दुर्घटना, पाँच मरे
हम चीन के साथ-शावेज
लिट्टे शिविरों में प्रभाकरण के दौरें
नेपाल में 7 माओवादियों की मौत
अब छोटे पर्दे पर पामेला
ओलिंपिक में गाएँगे जैकी चान