नेपाल में मंगलवार शाम को माओवादियों और नेपाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हिंसक मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोलीबारी में सात माओवादियों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार डांग जिले के लमही बाजार में हुई इस मुठभेड़ में 12 से अधिक माओवादी घायल भी हुए हैं। संघर्षरत कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए की गई पुलिस गोलीबारी में 5 माओवादियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो कार्यकर्ता अस्पताल में इलाज के दौरान मारे गए।
स्थानीय अखबार हिमालय टाइम्स में प्रकाशित रिपोर्ट में माओवादियों ने पुलिस पर अकारण गोली चलाने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि युवा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस के साथ मामूली कहा सुनी हुई थी और पुलिस ने गोलीबारी कर दी।
|