खली से लेकर अमिताभ बच्चन तक यानी लंबे लोगों की ऊँचाई का राज एक जीन में छिपा है। एक जीन ऐसी है, जो सीधे 6 सेमी का अंतर कर देती है।
यह अध्ययन ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने किया है। इसे संडे'ज नेचर जेनेटिक्स में प्रकाशित किया गया है। इसमें करीब 30,000 योरपीय लोगों का परीक्षण किया गया। इनके आनुवांशिकी कोड में क्या अंतर है, इसे जाँचा गया।
सारे अध्ययन के बाद यह समझ में आया कि जीनोम के 20 क्षेत्र, जिसे 'लोकी' भी कहा जाता है, ही लंबाई या शरीर के आकार के लिए जिम्मेदार हैं। इसी के दम पर शरीर पूरा आकार ले पाता है।
आनुवांशिकी क्षेत्र की संख्या और उनकी किस्मों के परीक्षण से यह पता चलता है कि लंबाई केवल कुछ जीन्स की वजह से नहीं ब़ढ़ती। पेनिनसुला मेडिकल स्कूल, एक्सीटेर ने यह अध्ययन कराया है। यहाँ के टिम फ्रेयलिंग के नेतृत्व में यह अध्ययन हुआ है।
शरीर की अन्य विशेषता या कमजोरी जैसे मोटापा आदि सारी जानकारी जीन बता सकती है। शरीर में होने वाली समूची जैविक प्रक्रिया का हाल जीन जानती है।
यदि यह पता चलता है कि कौन-सी जीन सामान्य वृद्धि प्रभावित करती है, तो यह भी समझा जा सकता है कि असामान्य वृद्धि क्यों होती है। यह न केवल लंबाई की बात है, वरन ट्यूमर या फोड़ा आदि में भी लागू होगा। (नईदुनिया)
|