संयुक्त अरब अमीरात में निर्माणाधीन बुर्ज दुबई टावर के निर्माणकर्ताओं ने दावा किया है कि यह टावर दुनिया के मानव निर्मित निर्माणों में सबसे ऊँचा होगा।
अमेरिका के केवीएलवाय टीवी को पीछे छोड़ते हुए बुर्ज दुबई टावर ने 629 मीटर की ऊँचाई को पार कर लिया है।
उत्तरी डाकोटा के ब्लेनचार्ट में स्थित केवीएलवाय टीवी के नाम पिछले 45 सालों से यह रिकॉर्ड दर्ज था। हालाँकि पोलैंड के एक रेडियो टावर ने 1974 से 1991 के बीच इसकी ऊँचाई को पीछे छोड़ दिया था। यह रेडियो टावर बाद में गिर गया था।
बुर्ज दुबई का संपूर्ण निर्माण अगले साल की शुरुआत तक पूरा होने की संभावना है। इसकी अंतिम ऊँचाई 900 मीटर तक जाने की उम्मीद है।
160 मंजिलों के साथ बुर्ज दुबई दुनिया की सबसे ऊँची इमारत बन चुका है। एक व्यापारिक वेबसाइट के अनुसार खाड़ी अमीरात में बुर्ज दुबई से भी ज्यादा बड़ी इमारत की योजना बनाई जा रही है।
|