डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश को बीजिंग में होने वाले ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने की नसीहत दी है।
सीनेटर हिलेरी ने कहा कि मानवाधिकार के मुद्दे पर चीन सरकार बड़े परिवर्तन करने में नाकाम रही है और तिब्बत में हिंसा का सिलसिला जारी है। ऐसे में राष्ट्रपति बुश को समारोह में भाग नहीं लेना चाहिए।
दूसरी ओर व्हाइट हाउस ने इस बात पर जोर दिया कि बुश को ओलिंपिक समारोह में अपनी उपस्थिति जरूर दर्ज करवाना चाहिए।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता टोनी फ्रेट्टो ने कहा कि समारोह में भाग लेना चाहिए या नहीं, इस बारे में व्हाइट हाउस और बुश दोनों के विचार बिलकुल साफ हैं।
ओलिंपिक मशाल रिले से दूर रहेगा संयुक्त राष्ट्र : उधर संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया में निकाली जाने वाली ओलिंपिक मशाल रिले से स्वयं को अलग रखने का फैसला किया है।
संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी (यूनिसेफ) से अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में निकाले जाने वाली ओलिंपिक मशाल रिले के लिए धावक मुहैया कराने का अनुरोध किया था।
यूनिसेफ के प्रवक्ता क्रिस्टोफर डे बोनो ने बताया कि शुरू में यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया था, लेकिन प्योंगयांग में संयुक्त राष्ट्र की सभी एजेंसियों से विचार-विमर्श करने के बाद विश्व संस्था ने स्वयं को मशाल रिले से अलग रखने का निर्णय लिया है।
|