कोला कंपनी पेप्सीको की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) इंदिरा नूई सालाना वेतन के मामले में विश्व के सबसे रईस व्यक्ति वॉरेन बफेट के मुकाबले 81 गुना ज्यादा वेतन लेती हैं।
शोध कंपनी इक्विलर द्वारा न्यूयॉर्क टाइम्स के लिए जुटाए गए आँकड़ों के मुताबिक भारतीय मूल की नूई ने 2007 में सालाना 1.47 करोड़ डॉलर का वेतन पैकेज लिया, जबकि इसी अवधि में बफेट ने महज 1.8 लाख डॉलर का वेतन पैकेज प्राप्त किया।
अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग कंपनी सिटीग्रुप का नेतृत्व कर रहे भारतीय मूल के विक्रम पंडित ने 2007 में सालाना वेतन पैकेज के रूप में 31.6 लाख डॉलर प्राप्त किए जो कि बफेट के वेतन पैकेज का करीब सत्रह गुना है। पंडित सिटीग्रुप के सीईओ हैं।
विशेष प्रकार के रसायन बनाने वाली रोम एंड हास का नेतृत्व कर रहे भारतीय मूल के राजीव एल. गुप्ता ने इस अवधि में बफेट के वेतन पैकेज के मुकाबले करीब 40 फीसदी ज्यादा वेतन प्राप्त किया। इस दौरान गुप्ता को 72.6 लाख डालर वेतन प्राप्त हुआ।
कुल वेतन के पैकेज में मूल वेतन प्रदर्शन के आधार पर बोनस ऑप्शन अवार्ड और स्टाक अवार्ड सहित कई अन्य भत्तों को शामिल किया गया है। वेतन पैकेज की इस सूची में आईपॉड बनाने वाली कंपनी एप्पल के सीईओ स्टीव जॉब्स सबसे नीचे हैं।
|