श्रीलंका में रविवार को एक मैराथन दौड़ के उद्घाटन के अवसर पर संदिग्ध तमिल विद्रोहियों द्वारा किए गए आत्मघाती हमले में एक मंत्री, पूर्व ओलिंपिक खिलाड़ी तथा 12 अन्य व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 व्यक्ति घायल हो गए।
सत्तारूढ़ यूनाइटेड पीपुल्स फ्रीडम पार्टी के मुख्य सचेतक 55 वर्षीय जयराज फर्नान्दोपल्ले कोलंबो से करीब 25 किमी दूर ग्रामपहा जिले में मैराथन दौड़ शुरू करने के लिए ध्वज लहराने ही वाले थे कि बम विस्फोट हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि लिट्टे के कटु आलोचक फर्नान्दोपल्ले को भावी प्रधानमंत्री माना जा रहा था। विस्फोट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी मृत्यु हो गई।
विस्फोट के बाद वहाँ खून और मानव अंग बिखरे हुए थे तथा घबराए हुए लोग मदद के लिए चीख रहे थे। लिट्टे का प्रमुख निशाना समझे जाने वाले फर्नान्दोपल्ले दूसरे शीर्ष मंत्री हैं, जिनकी विद्रोहियों ने हत्या की है। इससे पहले राष्ट्रीय भवन मंत्री डीएम दसानायके की आठ जनवरी को बम विस्फोट कर हत्या कर दी गई थी।
|