चीन के शंघाई शिपयार्ड में पाकिस्तानी नौसेना के लिए तैयार किए जा रहे चार युद्धपोतों में से एक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और सात अप्रैल को इसका जलावतरण होगा।
सरकारी समाचार पत्र 'चाइना डेली' ने पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल मोहम्मद अफजल ताहिर के हवाले से आज प्रकाशित खबर में कहा गया है कि यह सौदा दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग को और तेज करने वाला होगा।
युद्धपोत एफ-225 का आगामी सोमवार को शंघाई में जलावतरण समारोह है जिसमें एडमिरल ताहिर भाग लेंगे। चौथा युद्धपोत 2013 में कराची शिपयार्ड में तैयार किया जाएगा।
पत्र ने एडमिरल ताहिर के हवाले से लिखा है कि इन युद्धपोतों को पाकिस्तान के समुद्री हितों की रक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने ब्रिटेन और फ्रांस सहित विभिन्न पश्चिमी देशों से ऐसी ही सैन्य सामग्रियाँ खरीदी हैं।
एफ-22पी चीन के उस युद्धपोत का संशोधित संस्करण है जो खुद चीनी डिजाइन के बजाय रूसी डिजायन पर बना है।
|