हिलेरी और बिल क्लिंटन ने संयुक्त रूप से वर्ष 2000 से 2007 के बीच दस करोड़ 91 लाख डॉलर की राशि कमाई। राष्ट्रपति पद की दौड़ में संभावित डेमोक्रेट उम्मीदवार के रूप में हिलेरी के प्रतिद्वंद्वी बराक ओबामा द्वारा आय में पारदर्शिता बरते जाने की माँग करने पर जारी किए गए आयकर रिटर्न में यह खुलासा किया गया है। रिकॉर्ड दर्शाता है कि पूर्व प्रथम दंपति व्हाइट हाउस छोड़ने से पहले तक अमीर नहीं था। उन्होंने 31 फीसदी कर की दर से तीन करोड़ 30 लाख डॉलर संघीय कर के रूप में जमा किया तथा एक करोड़ रुपए की राशि लोक कल्याण के मकसद से दान की।
पूर्व राष्ट्रपति ने इस अवधि में विभिन्न व्याख्यानमालाओं के जरिये पाँच करोड़ 10 लाख डॉलर की कमाई की। वर्ष 2000 से 2006 की कर रिटर्न तथा 2007 के अनुमानित लेखों के अनुसार यह आँकड़ा उपलब्ध कराया गया है। उधर सीनेटर हिलेरी क्लिंटन ने अपनी किताब 'लिविंग हिस्ट्री' से डेढ़ करोड़ डॉलर कमाए जबकि पूर्व राष्ट्रपति ने अपने संस्मरण 'माई लाइफ' समेत अन्य पुस्तकों से दो करोड़ 90 लाख डॉलर की राशि अर्जित की। कुल मिलाकर क्लिंटन दंपति ने इस अवधि में 10 करोड़ 91 लाख 75 हजार 175 डॉलर की आय अर्जित की जिसमें सीनेटर के रूप में हिलेरी का वेतन और पूर्व राष्ट्रपति की पेंशन राशि भी शामिल है।
|