अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कॉर्टर ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन की जगह बराक ओबामा को अपना समर्थन देने के संकेत दिए हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेट पार्टी में उम्मीदवारी के लिए अब तक हुए प्राइमरी चुनावों में चुप्पी साधे कॉर्टर ने ओबामा को समर्थन देने के संकेत दिए हैं।
कॉर्टर ने एक नाइजीरियाई अखबार को बताया कि उनके गृहराज्य जार्जिया और गृहशहर ने पाँच फरवरी को हुए प्राइमरी चुनाव में ओबामा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मेरे बच्चे, बहू और पोते-पोतियों ने भी ओबामा का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि एक सुपरडेलीगेट के रूप में मैं आपको यह नहीं बताने वाला हूँ कि मैं किसे समर्थन कर रहा हूँ। आप ही इस बारे में अंदाजा लगाइए। गौरतलब है कि डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल ओबामा और न ही सुश्री क्लिंटन अब तक हुए प्राइमरी चुनावों में पर्याप्त संख्या में सदस्य जुटा पाए हैं, जिससे कि पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार का नाम स्पष्ट हो सके।
उधर, कॉर्टर के इस बयान के बाद सुश्री क्लिंटन के प्रवक्ता ने कहा कि क्लिंटन और सुश्री क्लिंटन दोनों कॉर्टर की इज्जत करते हैं और वे अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं। दूसरी तरफ ओबामा के प्रवक्ता ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
|