अल्कोहल के अधिक सेवन से पुरानी बातों की स्मरण शक्ति पर विपरित प्रभाव पड़ता है इसकी जानकारी तो अभी तक सभी को थी पर हाल ही के अध्ययन में पता चला है कि किशोरों पर इसका कुछ ज्यादा ही दुष्प्रभाव पड़ता है। हाल ही में हुए एक अध्ययन में यह साबित भी हुआ है।
नार्थबरिया और कीले विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं के समूह द्वारा किए गए अध्ययन में पता चला है कि ज्यादा मात्रा में अल्कोहल का सेवन करने से किशोरों के विकसित होते मस्तिष्क पर प्रभाव पड़ता है। इससे कुछ दिन बाद स्मरण शक्ति कमजोर हो जाना एकाग्रता न बन पाना खोए खोए रहना जैसी परेशानियाँ प्रारंभ हो जाती हैं।
अनुसंधानकर्ताओं के अनुसार अधिक पीने से मस्तिष्क के कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना रहती है, जिससे स्मरण शक्ति कमजोर होती जाती है।
मीडिया रिपोर्टों, नार्थबरिया विश्वविद्यालय के डॉ. थामस हेफरनेन के वक्तव्य के अनुसार अधिक अल्कोहल का सेवन कर किशोर अपने भविष्य के लिए परेशानियाँ एकत्रित करते जाते हैं।
इस अध्ययन में ब्रिटेन के कुछ विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। इनमें से 26 नियमित रूप से काफी अधिक मात्रा में अल्कोहल का सेवन करने वाले थे और 34 कभी कभी पीने वालों में से थे।
|