पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को बचाने के लिए अपदस्थ मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मोहम्मद चौधरी को छोड़कर अन्य सभी अपदस्थ जजों को बहाल करने तथा बहाली के पहले उनसे जनरल मुशर्रफ के खिलाफ मुकदमे नहीं खोलने का वचन लेने का गुपचुप अभियान चलाया है।
सरकार में पीपीपी के एक मंत्री ने हाल ही में राजधानी के जजेज इन्कलेव में कई अपदस्थ जजों से मुलाकात कर उन्हें इस बात पर राजी करने की कोशिश की कि नई सरकार उन्हें बहाल करने के साथ संवैधानिक सुरक्षा भी देगी, बशर्ते वे वादा करें कि जनरल मुशर्रफ के खिलाफ कोई मामला नहीं शुरू करेंगे।
दि न्यूज की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि पीपीपी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा रची गई इस 'योजना' में अपदस्थ मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मोहम्मद चौधरी की बहाली को रोकना भी शामिल है।
|