संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने अलकायदा के दूसरे नंबर के आतंकवादी अयमान अल जवाहरी के संयुक्त राष्ट्र द्वारा मुसलमानों की मदद नहीं करने के बयान को झूठ का पुलिंदा करार दिया है।
संयुक्त राष्ट्र की प्रवक्ता मारी ओक बे ने बताया कि अलकायदा का यह बयान सरासर झूठ है।
गौरतलब है कि अलकायदा आतंकवादी सरगना ओसामा बिन लादेन के बाद संगठन में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले जवाहरी ने जारी एक नए वीडियो में संयुक्त राष्ट्र की आलोचना की थी और लादेन के पूरी तरह स्वस्थ होने की बात कही थी। वीडियो में यहूदियों पर हमले का भी आह्वान किया गया था।
सुश्री ओकबे ने बताया कि मून ने बुखारेस्ट में जारी नाटो की बैठक में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई से अकेले में मिलकर अलकायदा के संदेश पर बातचीत की।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने जवाहरी के टेप को प्रतिकूल बताया। मून ने रोमानिया में भी संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों से मुलाकात की और उनसे भी जवाहरी के टेप के बारे में बातचीत की।
सुश्री ओकबे ने कहा कि मून ने जवाहरी के टेप को पूरी तरह झूठा करार देते हुए इसे गलत आरोप बताते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने मुसलमानों की मदद की है।
जवाहरी ने गुरुवार को जारी अपने टेप में 2003 में बगदाद और 2007 में अल्जीयर्स में संयुक्त राष्ट्र के कार्यालयों पर हुए आतंकवादी हमले को सही ठहराया था।
हालाँकि सुश्री ओक बे इस बात का उत्तर टाल गईं कि क्या जवाहरी द्वारा जारी इस टेप के बाद संयुक्त राष्ट्र अपनी सुरक्षा कड़ी करेगा। उन्होंने कहा आपको पता है कि संयुक्त राष्ट्र के कार्यालयों के सुरक्षा की समीक्षा हर दिन की जाती है और हम सार्वजनिक तौर पर इसके बारे में नहीं बताते हैं।
|